नया बदायूं, संवाददाता।
नगर पंचायत उसावां की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नगर पंचायत में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात राजू सक्सेना के रिश्तेदार अभिषेक सक्सेना को अधिशासी अधिकारी (ईओ) की कुर्सी पर बैठाकर रील बनाते हुए दिखाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद कस्बे में चर्चा का माहौल है और लोगों ने मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है।
इस मामले में नगर पंचायत उसावा और अन्य उच्च अधिकारियों को शिकायत की गई है और कार्रवाई की मांग की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत कार्यालय जैसी सरकारी संस्था में जिम्मेदार पद की कुर्सी पर किसी बाहरी व्यक्ति को बैठाकर वीडियो बनाना सरकारी गरिमा और कार्यालयीन अनुशासन के विपरीत है। उनका कहना है कि अधिशासी अधिकारी की कुर्सी प्रशासनिक अधिकार और जिम्मेदारी का प्रतीक होती है, इसलिए इस प्रकार की हरकत से पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। वायरल वीडियो को लेकर कस्बे के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि वीडियो की सत्यता की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मचारियों और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में सरकारी कार्यालयों में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, स्थानीय नागरिकों ने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

Discussion about this post