नया बदायूं। लखनऊ ब्यूरो
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव कल बुधवार, 12 अगस्त को रामपुर के दौरे पर जाएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचकर वहां के मौजूदा हालात का जायजा लेंगे। उनके साथ बदायूं के पूर्व मंत्री आबिद रजा भी मौजूद रहेंगे।
शिवपाल सिंह यादव जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचकर परिसर की वर्तमान स्थिति और उससे जुड़े विभिन्न मामलों की जानकारी लेंगे। इसके बाद वह रामपुर जिला कारागार पहुंचेंगे, जहां समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान से मुलाकात करेंगे।
जिला कारागार में होने वाली मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच मौजूदा राजनीतिक एवं समसामयिक परिस्थितियों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि किन मुद्दों पर विस्तार से बातचीत होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
रामपुर के दौरा से बदायूं में तेज होगी चर्चा
शिवपाल यादव के साथ पूर्व मंत्री आबिद रजा के रामपुर दौरे में शामिल होने को लेकर बदायूं और रामपुर के सपा राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। दोनों नेताओं की मौजूदगी को पार्टी के भीतर आपसी संवाद और राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सपाइयों में उत्सुकता
शिवपाल यादव का यह दौरा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बताया जा रहा है। जौहर यूनिवर्सिटी के दौरे और आजम खान से प्रस्तावित मुलाकात को लेकर समाजवादी पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उत्सुकता है।
आजम खान से होगी मुलाकात
अब सभी की निगाहें शिवपाल यादव के रामपुर दौरे पर टिकी हैं और खास तौर पर आजम खान से उनकी मुलाकात के दौरान होने वाली बातचीत को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Discussion about this post