गाजियाबाद संवाद।
राज्य ब्यूरो समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जेल पहुंचे, जहां उन्होंने जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से करीब दो घंटे तक मुलाकात की। मुलाकात के बाद जेल से बाहर आए शिवपाल यादव ने जेल प्रशासन और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए आजम खान के उत्पीड़न का मुद्दा उठाया।

शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि आजम खान को लगातार परेशान किया जा रहा है और उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजम खान का दोष सिर्फ इतना है कि उन्होंने गरीब बच्चों के लिए विश्वविद्यालय बनाया और वह मुसलमान हैं। उन्होंने जेल में जाली लगाकर मुलाकात कराए जाने पर भी सवाल उठाते हुए इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया।
शिवपाल ने कहा कि आजम खान उत्तर प्रदेश में 10 बार विधायक, चार बार मंत्री और दो बार सांसद रहे हैं। इसके बावजूद उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब आजम खान को केवल न्यायालय से उम्मीद है।

आजम खान के समाजवादी पार्टी से रिश्तों पर शिवपाल यादव ने स्पष्ट कहा कि आजम खान सपा में हैं और आगे भी रहेंगे। उनके और आजम खान के परिवार के बीच पारिवारिक संबंध हैं और आगे भी बने रहेंगे। उन्होंने आजम खान को हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
शिवपाल यादव ने कहा कि 2027 में उनकी सरकार बनने पर जेलों में जाली लगाकर मुलाकात कराने वाली व्यवस्था खत्म की जाएगी। उनकी इस मुलाकात और बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Discussion about this post