बदायूं संवाददाता।
अलापुर-ककराला चौराहे स्थित इनाया मैटरनिटी हॉस्पिटल में प्रसव के बाद 22 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सील कर दिया है, जबकि पुलिस ने अज्ञात डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव कोठा निवासी धीरपाल की पत्नी प्रेमलता को प्रसव के लिए इनाया मैटरनिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल संचालक ने प्रसव के लिए 40 हजार रुपये में मामला तय किया था। ऑपरेशन के बाद प्रेमलता ने पुत्र को जन्म दिया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ गई। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया।
इसके बाद परिजन प्रेमलता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ डॉ. विकास शर्मा के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनाया हॉस्पिटल को सील कर दिया है। अस्पताल के दस्तावेज भी जांच के लिए मांगे गए हैं। विभाग की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, मृतका के ससुर विद्याराम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अलापुर थाना प्रभारी सनी चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Discussion about this post