बदायूं संवाददाता।
जनगणना-2027 के तहत सोमवार से जिले में स्व-गणना अभियान शुरू हो गया। अब आमजन 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार की जानकारी दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली एसई आईडी को सुरक्षित रखना होगा और घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा।

स्व-गणना अभियान के प्रथम दिन प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी अवनीश राय तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने डीएम आवास पर अपने परिवार की स्व-गणना की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं ऑनलाइन गणना कर जनगणना अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इसके बाद जिलाधिकारी अवनीश राय एवं मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने भारत की जनगणना-2027 के प्रचार-प्रसार के लिए संचालित प्रचार वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया और जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

5,929 प्रगणक करेंगे घर-घर गणना
जनपद में जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 26 चार्ज निर्धारित किए गए हैं। इनमें पांच तहसील चार्ज, सात नगर पालिका परिषद और 14 नगर पंचायत शामिल हैं। जनपद में कुल 5,929 प्रगणक और 1,003 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।
जनगणना के दौरान परिवार और उसके सदस्यों से निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जाएगी। इसके बाद पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित होगा। इस दौरान निर्धारित अवधि में हुए जन्म और मृत्यु से संबंधित विवरण एकत्र कर आंकड़ों को अद्यतन किया जाएगा।

बेघर व्यक्तियों की भी होगी गणना
जनगणना अभियान में कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए, इसके लिए बेघर व्यक्तियों को भी शामिल किया जाएगा। उनकी गणना चार जनवरी 2027 को सायंकाल से की जाएगी, जिससे जनपद की जनसंख्या से संबंधित आंकड़े अधिक सटीक रूप से संकलित किए जा सकें।
जनगणना के नाम पर नहीं मांगे जाएंगे दस्तावेज और ओटीपी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति से कोई दस्तावेज, प्रमाण पत्र अथवा अन्य कागजात नहीं मांगे जाएंगे। इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जनगणना के नाम पर किसी से ओटीपी नहीं मांगी जाएगी। आमजन अपनी ओटीपी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

प्रगणकों द्वारा एकत्र की जाने वाली सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। प्रगणकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड भी उपलब्ध रहेगा, जिसे स्कैन करके उनकी पहचान और प्रामाणिकता की पुष्टि की जा सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने भी दिया जागरूकता का संदेश
जनगणना-2027 के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए पुलिस कार्यालय में सेल्फी जोन बनाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सेल्फी जोन पहुंचकर फोटोग्राफी कराई और तस्वीर साझा कर लोगों को जनगणना में भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने आमजन से जनगणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

प्रशासन का उद्देश्य जनगणना-2027 की प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना है। इसके लिए ऑनलाइन स्व-गणना के साथ-साथ घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों के माध्यम से भी लोगों की जानकारी एकत्र की जाएगी।

Discussion about this post