नया बदायूं, संवाददाता।
मरीजों को सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम पहल के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं परिसर में अमृत औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
अमृत औषधि केंद्र का संचालन एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड द्वारा किया जाता है, जो भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है। यह योजना कैंसर, हृदय रोग सहित अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में उपयोग होने वाली दवाइयों और चिकित्सा प्रत्यारोपण सामग्री को आमजन तक किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
90 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं
इस केंद्र के माध्यम से दवाइयां और मेडिकल सामग्री बाजार मूल्य की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों पर इलाज का आर्थिक बोझ काफी हद तक कम होगा।
एमओयू हुआ पूरा
उल्लेखनीय है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं और एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के बीच 24 मार्च 2026 को अमृत औषधि केंद्र के संचालन के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे। उसी के तहत अब कॉलेज परिसर में इसका औपचारिक शुभारंभ किया गया है।
मरीजों को होगा आर्थिक लाभ
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने कहा कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा सामग्री सस्ती दरों पर उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से क्षेत्र के हजारों मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में अमृत औषधि केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार भार्गव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार, शरीर रचना विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन, शरीर क्रिया विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक शर्मा, रोग विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुचेता यादव, जनसंपर्क प्रभारी डॉ. लालेन्द्र यादव सहित कॉलेज के अन्य संकाय सदस्य, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वहीं एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड से उपमहाप्रबंधक रामगोपाल शुक्ला, सहयोगी प्रबंधक अशोक कुमार सिंह, पार्थक शुक्ला, औषधि विक्रेता और अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Discussion about this post