नया बदायूं, संवाददाता।
समग्र विकास संस्थान के तत्वावधान में 21 सितंबर को कार्यक्षेत्र की बालिकाओं के लिए सीडीओ गामिनी सिंगला के साथ विशेष संवाद एवं साक्षात्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 22 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
संवाद के दौरान बालिकाओं ने सीडीओ की शैक्षिक यात्रा, संघर्ष, जीवन की चुनौतियों और सफलता के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। सीडीओ ने बालिकाओं को शिक्षा निरंतर जारी रखने, कठिन परिस्थितियों में हिम्मत न हारने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत व सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बालिकाओं ने अपने भविष्य और जीवन के लक्ष्यों से जुड़े सवाल पूछकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। सीधे संवाद का अवसर मिलने से उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिला।
इस दौरान बालिकाओं ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने सेनेटरी पैड के सुरक्षित एवं उचित निस्तारण की व्यवस्था तथा कार्यक्षेत्र में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सीडीओ को मांग पत्र सौंपा।
कार्यक्रम बालिकाओं के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और अपनी बात स्वयं रखने का महत्वपूर्ण अवसर बना।

Discussion about this post