वजीरगंज, संवाददाता।
मीरापुर गांव में पिछले एक सप्ताह से बुखार और डेंगू के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। गांव में लगातार स्वास्थ्य कैंप लगाकर बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच की जा रही है और उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनैद मेहंदी ने गांव में भ्रमण कर ग्रामीणों को बुखार होने पर स्वास्थ्य कैंप में पहुंचकर जांच कराने के लिए जागरूक किया। डेंगू के मरीज मिलने की सूचना के बाद स्वास्थ्य टीम ने घर-घर जाकर मरीजों की स्क्रीनिंग की। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से सभी घरों में सोर्स डिडक्शन की गतिविधियां कराई गईं। साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग भी कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लगातार जांच और उपचार के बाद गांव की स्थिति में सुधार हुआ है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई स्थानों पर जलभराव है और तालाब में भी गंदगी जमा है। लंबे समय से तालाब की सफाई नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्वास्थ्य टीम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार, एलटी प्रशांत सिंह, अनुज कुमार और अशोक कुमार मौजूद रहे।

Discussion about this post