रामपुर। राज्य ब्यूरो
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित ‘जौहर यूनिवर्सिटी बचाओ’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बदायूं से कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रामपुर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचकर वाइस चांसलर, प्राध्यापकों, छात्रों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधों के बावजूद राजेंद्र पाल गौतम विश्वविद्यालय परिसर तक पहुंचे और सभी संबंधित पक्षों से विस्तार से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जौहर यूनिवर्सिटी की स्वायत्तता, गरिमा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी।
इससे पूर्व दोपहर में राजेंद्र पाल गौतम, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव तौकीर आलम तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव ओमवीर यादव के साथ पूर्व विधायक संजय कपूर के राहे रज़ा स्थित आवास पर पहुंचे। यहां आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता और प्रत्याशी जनता के बीच जाकर उनका विश्वास और सहयोग प्राप्त करे, तभी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बदायूं से जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह, पूर्व सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य रजनी सिंह बागी, उपाध्यक्ष वीरेश तोमर, महासचिव मोर पाल प्रजापति तथा महासचिव इगलास हुसैन सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Discussion about this post