नया बदायूं, संवाददाता।
स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र पर भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाचार्याओं की जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्काउटिंग गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने, दलों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण, साथ ही बच्चों एवं वयस्कों के प्रगतिशील प्रशिक्षण को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला का शुभारंभ अध्यक्षता कर रहे प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग के माध्यम से बच्चे देश के श्रेष्ठ नागरिक बनते हैं और वर्तमान समय की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए बच्चों को स्काउटिंग का प्रशिक्षण दिलाना अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य वक्ता दास कॉलेज के प्रोफेसर मनवीर सिंह ने कहा कि प्रधानाचार्यों के सहयोग से ही स्काउटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यालयों में स्काउटिंग दलों को अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
जिला कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सक्सेना ने विद्यालयों से आने वाले स्काउटिंग शुल्क पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि शुल्क जमा करने के बाद प्रशिक्षण केंद्र को उसका विवरण अवश्य उपलब्ध कराएं।
सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर (बरेली मंडल) प्रीति कुमारी ने आगामी कार्यक्रमों—बीएसजी छात्रवृत्ति एवं बीएसजी स्किल प्रतियोगिता—की जानकारी दी। जिला संगठन कमिश्नर एवं राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान प्राप्त मोहम्मद असरार ने कहा कि जिन विद्यालयों के स्काउट दलों का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे शीघ्र पंजीकरण कराएं तथा पंजीकृत दलों का प्रतिवर्ष नवीनीकरण कराते हुए 15 प्रतिशत शुल्क अनिवार्य रूप से जमा करें, जिससे बच्चों को स्काउटिंग में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने बेसिक कब मास्टर, फ्लॉक लीडर, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर लीडर, रेंजर लीडर सहित विभिन्न एडवांस कोर्स—प्री हिमालय वुडबैज, हिमालय वुडबैज, प्रीएएलटी, एएलटी, प्री एलटी एवं एलटी—की विस्तृत जानकारी दी।
जिला सचिव आलोक कुमार पाठक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद असरार ने किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक नंदराम शाक्य, प्रधानाचार्य वीरू, संजीव कुमार तोमर, राजेश कुमार, नूतन रानी, हिमानी सक्सेना, भानु शर्मा, रजत कुमार सैनी, डेजी फजल, सुबोध मिश्रा, प्रीति गुप्ता, रामवीर सिंह, योगेंद्र दीक्षित सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
Discussion about this post