नया बदायूं संवाददाता, वजीरगंज।
थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही राजू यादव पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, 18 सितंबर को वह घर पर अकेली थी। उसका पति और सास बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसे चारपाई पर पटककर मारपीट की। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके कान का कुंडल, नाक की लौंग और उसकी बेटी की पाजेब लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

Discussion about this post