नया बदायूं, संवाददाता वजीरगंज।
बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे पर शनिवार को रोटा गांव स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास लग्जरी कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मां-बेटी समेत चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे में वजीरगंज निवासी 25 वर्षीय समरीन पुत्री मोहम्मद अली, उनकी 40 वर्षीय मां मोबीन बेगम पत्नी मोहम्मद अली, अख्तरा गांव निवासी 70 वर्षीय बानो पत्नी आशिक अली तथा ई-रिक्शा चालक 45 वर्षीय रामबहादुर पुत्र रामपाल सिंह निवासी निनमा, थाना कुंवरगांव घायल हो गए। बताया गया कि समरीन के सिर में गंभीर चोट आई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Discussion about this post