नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं डीएम अवनीश राय की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करने को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में बैठक व जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये और जागरूकता पर जोर दिया। इस कार्यशाला में सीडीओ गामिनी सिंगला, एडीएम वित्त डॉ. वैभव शर्मा, एसडीएम सहित अधिकारी मौजूद रहे।
पहली बार स्वंय जनगणना करने का दिया मौका
मंगलवार को आयोजित बैठक में डीएम अवनीश कुमार राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना का प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक होगी। जिसके लिए प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना के 33 प्रश्नों को पूछेंगे। जनगणना के शुरू होने से 15 दिन पूर्व यानि की 07 मई से 21 मई तक स्व गणना करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लोग स्वयं अपने मोबाईल, कंप्यूटर अथवा लैपटाप से घर बैठे जनगणना की पूरी जानकारी भर सकेंगे। स्व गणना देश में पहली बार हो रहा है जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, तेज एवं पारदर्शी रहेगी।
ऑनलाइन पोर्टल पर करें जनगणना
डीएम द्वारा अवगत कराया गया कि स्व गणना करने वाले लोग ऑनलाइन पोर्टल http://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से जुडी सभी जानकारी खुद भर सकेंगे। जनगणना हेतु पूछे जाने वाले सभी 33 प्रश्नों की सही जानकारी भरनी होगी। सुरक्षित करने पर 11 अंकों की एक स्व गणना पहचान संख्या एसईआईडी जारी होगी जिसे सुरक्षित नोट कर रख लेंगे।
11 अंक की बतानी होगी एसईआईडी
डीएम ने बताया कि स्व गणना के बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। जिन्होंने पहले ही स्व गणना कर ली है उन्हें अपनों 11 अंकों की एसईआईडी बतानी होगी। प्रगणक एसईआईडी दर्ज कर जानकारी का सत्यापन कर लेंगे।

Discussion about this post