नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लश्करपुर ओइया में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पशुओं के लिए चारा काट रही 32 वर्षीय महिला विमलेश इंजन से चलने वाली चारा काटने की मशीन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। महिला अपने पीछे दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया।
पति करता गुजरात में नोकरी
ग्रामीणों के अनुसार मृतका का पति अनिल पाल गुजरात के सूरत शहर के पास एक फैक्ट्री में काम करता है और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बाहर रहकर मजदूरी करता है। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही दिल्ली पहुंच रहे हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पुलिस को अवगत करा दिया गया है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

Discussion about this post