नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कादरचौक पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अवैध रूप से वन्य जीवों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 जीवित लंगूर और एक कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान फईम पुत्र ताहीर निवासी ग्राम कादरचौक को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 10 लंगूर जीवित अवस्था में बरामद किए गए, जिन्हें अवैध रूप से तस्करी के लिए रखा गया था। साथ ही एक सुजुकी आल्टो कार (नंबर UP 32JX 4583) भी जब्त की गई, जिसका उपयोग तस्करी में किया जाना था।
मुकदमा दर्ज किया
इस मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972, भारतीय वन अधिनियम तथा जैविक विविधता अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
छापेमारी कर पकड़ा
घटना की जानकारी वन विभाग से जुड़े अधिकारी द्वारा दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
संयुक्त टीम की कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना कादरचौक पुलिस के साथ सामाजिक वानिकी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्य किया। टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार वर्मा, कांस्टेबल शिवम कुमार, कांस्टेबल अंकित कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वन्य जीवों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Discussion about this post