नया बदायूं, संवाददाता।
विकास क्षेत्र कादरचौक के कंपोजिट विद्यालय असरासी में खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार द्वारा छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था और वातावरण की सराहना की।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यालय का सकारात्मक वातावरण बच्चों के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां छात्र उपस्थिति हमेशा बेहतर रहती है, जो विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने विद्यालय में स्थापित एलबीडी लैब का निरीक्षण भी किया, जहां बच्चों द्वारा तैयार किए गए क्राफ्ट और आर्ट के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें रचनात्मकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. जुगल किशोर ने जानकारी दी कि पिछले सत्र की तुलना में इस सत्र में छात्र संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्तमान में 116 नए नामांकन के साथ विद्यालय में कुल 332 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश के लिए इस विद्यालय को प्राथमिकता दे रहे हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय की पीटी टीम पिछले कई वर्षों से जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है, जिससे विद्यालय की पहचान और प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने विद्यालय के शांत और आकर्षक वातावरण को भी इसकी विशेषता बताया।
इस अवसर पर कामेंद्र यादव, केपी सिंह, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक मुकेश कुमार, अशोक कुमार, सुमन, अवनीश सक्सेना, कविता रानी, वसुंधरा देवी, रूबी शर्मा, तराना शुजात, सरिता, मीरा सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Discussion about this post