नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद के थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव गुरुगांव में तेज बारिश के चलते देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान में परिवार के साथ सो रहे किसान विनोद के ऊपर अचानक मकान की दीवारें भरभराकर गिर गईं। दीवार गिरने से किसान मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी भी घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि देर रात तेज बारिश के दौरान परिवार कच्चे मकान के अंदर सो रहा था। इसी दौरान मकान की कमजोर दीवारें अचानक ढह गईं। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे परिवार के लोगों को निकालने का प्रयास किया। हादसे में किसान विनोद गंभीर रूप से मलबे में दब गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को मलबे से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायल पत्नी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। तेज बारिश के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे का वीडियो भी सामने आया है।

Discussion about this post