कछला, संवाददाता।Nayabadaun
राधेलाल इंटर कॉलेज कछला के 75वें स्थापना दिवस के पूर्व शनिवार को विद्यालय परिसर में शैक्षिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, वैज्ञानिक, खेलकूद एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय के प्रबंधक शोभित कुमार वैश्य ने बताया कि 75वां स्थापना दिवस समारोह 16 सितंबर को मनाया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा होंगे। स्थापना दिवस को यादगार बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
विद्यालय की संरक्षिका डॉ. मिथिलेश वैश्य ने कहा कि राधेलाल इंटर कॉलेज की स्थापना स्वामी दयानंद और चंदरवती देवी ने वर्ष 1951 में की थी। यह विद्यालय कछला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लिए वरदान साबित हुआ है।
अध्यक्ष राहुल वैश्य ने बताया कि समारोह में विद्यालय के 75 वर्षों के गौरवपूर्ण इतिहास, उपलब्धियों और शैक्षिक योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। पूर्व छात्रों, शिक्षकों और विद्यालय से जुड़े विशिष्ट लोगों के योगदान को भी याद किया जाएगा।
प्रधानाचार्य डॉ. शिशुपाल सिंह ने कहा कि स्थापना दिवस विद्यालय की परंपराओं और उपलब्धियों को याद करने के साथ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व, अनुशासन, देशप्रेम और विद्यालय के प्रति गौरव की भावना विकसित करने का अवसर है।
इस दौरान कोषाध्यक्ष प्रकाश, संकेत वैश्य, अमित वैश्य, उमंग गुप्ता सहित शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post