लखनऊ। राज्य ब्यूरो
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बलिया की कक्षा एक की छात्रा रागिनी राजभर से मुलाकात की। उन्होंने बच्ची के पैर के इलाज के लिए समुचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। रागिनी की पढ़ाई अब बांसडीह, बलिया स्थित बीएन इंटरनेशनल स्कूल में होगी।
बलिया के मनियर ब्लॉक की दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव निवासी रागिनी दुर्घटना में एक पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद रोजाना करीब 400 मीटर दूर स्कूल एक पैर से कूदकर जाती थी। बच्ची की पढ़ाई के प्रति लगन को देखते हुए अखिलेश यादव ने उसकी शिक्षा में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
रागिनी के पिता देवेंद्र सिंह और माता बबीता राजभर ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर मदद के लिए आभार जताया। इस दौरान समाजसेवी नीरज सिंह गुड्डू, रामदेव प्रधान, राजेश यादव और पंकज राजभर मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने को अपने घोषणापत्र में शामिल करेगी।

Discussion about this post