नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष 2 दिन से चर्चा का विषय बने हुए हैं। भाजपा आला कमान ने उनको प्रदेश उपाध्यक्ष का पद दिया। इसके बाद स्वागत सम्मान का काफिला लेकर वह बदायूं पहुंचे, लेकिन स्वागत सम्मान के आगे वह युवाओं के भविष्य को भूल गए। टीईटी की परीक्षा में जा रहे अभ्यर्थी उनके काफिले में फंस गए और देर होने से समय से परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच सके। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य के रोड शो के दौरान लगे भीषण जाम के कारण कई शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी परीक्षा छूट गई। इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है।
गुरुवार को टीईटी परीक्षा के पहले दिन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य बरेली से रोड शो करते हुए बदायूं पहुंचे। उनके काफिले में 100 से अधिक वाहन शामिल थे। इसी दौरान दोपहर में हुई तेज बारिश और बरेली-बदायूं मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों के साथ परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बदायूं में तीन दिनों में पांच पालियों में कुल 28,198 अभ्यर्थियों की टीईटी परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा में आसपास के कई जिलों के अभ्यर्थी भी शामिल हो रहे हैं। प्रशासन ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था की थी, लेकिन इसके बावजूद यातायात सुचारु नहीं रह सका। जाम में फंसे कई अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके और उनकी परीक्षा छूट गई। अभ्यर्थियों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत एक दिन की अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई। उनका कहना था कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान भारी वाहन काफिले को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए था। इस पूरे मामले को समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उठाया। उन्होंने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए जाम के कारण परीक्षा से वंचित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। वहीं, समाचार लिखे जाने तक भाजपा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Discussion about this post