बदायूं, संवाददाता।
शारदीय नवरात्र का शुभारंभ मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ हो गया है। पहले दिन बदायूं शहर के नगला शक्ति पीठ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां ब्रह्म मुहूर्त से ही भक्त मां के दर्शन और पूजा-अर्चना में जुटे हुए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। मंदिर में बैरिकेडिंग के बीच श्रद्धालुओं को बारी-बारी से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए प्रवेश दिया जा रहा है। मंदिर के बाहर प्रसाद, पूजा सामग्री और अन्य सामान की दुकानें सजी हुई हैं, जिससे यहां मेले जैसा माहौल बना हुआ है।

नगला शक्ति पीठ के अलावा बदायूं शहर, ग्रामीण क्षेत्रों सहित पूरे जनपद के मंदिरों में नवरात्र के पहले दिन पूजा-अर्चना का दौर जारी है। श्रद्धालु व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्र शक्ति उपासना का पर्व है, जिसमें मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की जाती है।
खबर अपडेट हो रही है…..

Discussion about this post