नया बदायूं, संवाददाता
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित हाईस्कूल (कक्षा 10) के परीक्षा परिणाम में उझानी रोड स्थित मदर्स पब्लिक स्कूल, बदायूं की छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष भी विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।

बुधवार को घोषित रिजल्ट में विद्यालय की छात्रा अक्षरा गुप्ता ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। वहीं हादिया ने 85 प्रतिशत और हिफ़्ज़ा ने 84 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अन्य छात्राओं ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्तुति पुरवार ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के चेयरमैन राजेश यादव ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और इसे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया। विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मानसी यादव ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्राओं और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।

Discussion about this post