नया बदायूं, संवाददाता।
डीएम अवनीश राय की अध्यक्षता में सोमवार को जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी स्कूल संचालकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए कि एक जुलाई 2026 से स्कूल खुलने से पहले सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे करा लिए जाएं।
बैठक में एआरटीओ हरिओम ने बताया कि जनपद में 53 स्कूल वाहनों की फिटनेस फेल, 28 वाहनों के परमिट समाप्त हो चुके हैं, जबकि करीब 80 स्कूल वाहन 15 वर्ष की निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके हैं। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूल वाहन नियमावली-2019 के अनुरूप ही वाहनों का संचालन किया जाए। यदि बिना मानक पूरे किए कोई वाहन संचालित पाया गया तो वाहन एवं संबंधित स्कूल दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी दुर्घटना की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होगी। एआरटीओ हरिओम ने बताया कि एक जुलाई से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्कूल वाहनों के दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के प्रमुख निर्देश
1- सभी स्कूल वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा व प्रदूषण प्रमाणपत्र वैध कराएं।
2- स्कूल एवं वाहनों का विवरण यूपी आईएसवीएमपी पोर्टल पर अपडेट रखें।
3- सभी स्कूल वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हों।
4- प्रत्येक वाहन में CCTV कैमरा, GPS, पैनिक बटन, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र चालू हालत में हों।
5- चालक एवं परिचालकों का ड्राइविंग लाइसेंस और चरित्र सत्यापन कराया जाए।
6- अधूरे दस्तावेज या मानक पूरे न होने पर वाहन का संचालन न किया जाए।
7- वाहनों की तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए।
8- 15 वर्ष पूरे कर चुके और संचालन योग्य न रहने वाले वाहनों का पंजीकरण निरस्त कराया जाए।
9- किसी भी वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए।
जाम से बचने के लिए स्कूलों से समय बदलने की अपील
डीएम ने बताया कि पुलिस लाइन चौराहा–मंडी समिति रोड स्थित ओवरब्रिज पर एक माह तक मरम्मत कार्य चलने के कारण एक जुलाई से स्कूल खुलने पर शहर में यातायात प्रभावित हो सकता है। इसे देखते हुए सभी स्कूलों से अपील की गई कि वे आपसी समन्वय से बच्चों के आने-जाने के समय में 10 से 15 मिनट का अंतर रखें, ताकि जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारु रहे।
बैठक में यह रहे अधिकारी
बैठक में एआरटीओ हरिओम, माल/यात्रीकर अधिकारी अभिनव चौधरी, एआरएम रोडवेज, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात पुलिस, बस यूनियन अध्यक्ष ओमकार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न स्कूलों के संचालक एवं प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

Discussion about this post