नया बदायूं, संवाददाता।
दातागंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नूरपुर में पिछले तीन माह से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों का धरना सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरने को कांग्रेस का समर्थन मिला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ धरनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों के साथ कई घंटे तक धरने पर बैठे।
धरनास्थल पर अजीत यादव ने एसडीएम दातागंज से नूरपुर की बिजली समस्या के समाधान को लेकर वार्ता की। उन्होंने बिजली विभाग के एसडीओ एवं अन्य अधिकारियों से भी समस्या की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घोषणा की कि मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर नूरपुर की बिजली समस्या के स्थायी समाधान की मांग की जाएगी। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अजीत यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि नूरपुर गांव बदायूं जिले की दातागंज तहसील में होने के बावजूद यहां बिजली आपूर्ति बरेली जिले के बल्लिया कृषि फीडर से होती है, जिसके कारण ग्रामीणों को प्रतिदिन केवल दो से चार घंटे ही बिजली मिल पाती है। उन्होंने बताया कि लाइन खराब होने पर कई-कई दिनों तक मरम्मत नहीं हो पाती और शिकायत के लिए ग्रामीणों को दूसरे जिले पर निर्भर रहना पड़ता है। उनका कहना था कि पिछले दस वर्षों में भी नूरपुर गांव को बदायूं जिले के बिजली फीडर से नहीं जोड़ा जा सका। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की कि नूरपुर गांव को समरेर या गोटिया फीडर से जोड़ा जाए, जिससे ग्रामीणों को नियमित बिजली मिल सके और किसी भी तकनीकी खराबी का समाधान स्थानीय स्तर पर हो सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नूरपुर के ग्रामीणों की बिजली समस्या के समाधान तक उनके साथ संघर्ष करती रहेगी। धरने में दातागंज विधानसभा प्रभारी कुंवर पाल सिंह, वेद प्रकाश (एडवोकेट), यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर दद्दा, मुनेंद्र, सुरेंद्र सिंह (सेवानिवृत्त कानूनगो) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post