नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं की तहसील दातागंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने आमजन की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराया जाता है।
समाधान दिवस में कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 50, पूर्ति विभाग की तीन, विद्युत की सात, पुलिस की दो और विकास विभाग की तीन शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्राप्त शिकायतों में भूमि की पैमाइश कराने, चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने समेत राजस्व संबंधी मामले प्रमुख रहे। डीएम ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि स्थलीय सत्यापन के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी निस्तारण की अनुपालन आख्या भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सीडीओ गामिनी सिंगला समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post