नया बदायूं, संवाददाता।
मीरा चौकी स्थित श्रीराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व राधा-कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा अरुण से पंचम तक के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चे राधा और श्रीकृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर विद्यालय पहुंचे। श्रीकृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने मुकुट, मोरपंख, बांसुरी और पीतांबर धारण कर आकर्षण का केंद्र बने, वहीं राधा रानी के रूप में सजी बालिकाओं ने सुंदर परिधान, आभूषण और श्रृंगार के माध्यम से ब्रज की संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।
नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को भक्तिमय एवं आनंदमय वातावरण से भर दिया। बच्चों के मनमोहक रूप देखकर विद्यालय में मौजूद शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग भी भाव-विभोर नजर आए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और महान चरित्रों से परिचित कराना है। ऐसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति रुचि एवं संस्कार विकसित होते हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में दीक्षा गोस्वामी, रुचि महेश्वरी, दीक्षा राठौर, शैलजा सिंह, प्रियंका सक्सेना, रूपाली रस्तोगी और कंचन राठौर शामिल रहीं।
इस अवसर पर शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के प्रांत प्रचार प्रमुख राजकुमार सिंह सेंगर, कमलेश कुमार, अनुज कुमार पटेल, शैलेंद्र सिंह, प्रवेश शर्मा, भूपेंद्र सिंह, हिमांशु उपाध्याय सहित विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।

Discussion about this post