नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस की ओर से चल रही है। उत्तर प्रदेश के बदायूं में सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कुख्यात डकैत इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी तभी कुख्यात अपराधी को रोकने का प्रयास किया लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश को गोली लगी और जिला अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई।

जनपद बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और एक कुख्यात इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त जितेंद्र उर्फ ढालू (35) मारा गया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायल पुलिसकर्मियों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि घायल बदमाश को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को थाना इस्लामनगर क्षेत्र में हुई डकैती की घटनाओं में वांछित गिरोह के मास्टरमाइंड जितेंद्र उर्फ ढालू के आने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान जितेंद्र उर्फ ढालू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए। इसके बाद तीनों को तत्काल जिला अस्पताल बदायूं पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जितेंद्र उर्फ ढालू को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।
संभल का रहने वाला है कुख्यात अपराधी
पुलिस के अनुसार, मृतक अभियुक्त मूल रूप से जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र का निवासी था और वर्तमान में जनपद संभल के बनियाठेर क्षेत्र में रह रहा था। वह थाना इस्लामनगर क्षेत्र में हुई डकैती की घटनाओं में वांछित था तथा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस का दावा है कि वह विभिन्न जनपदों में सक्रिय एक संगठित डकैती गिरोह का मास्टरमाइंड था।
इनामी बदमाश के पास से असलाह बरामद
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल तथा भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसके विरुद्ध बदायूं सहित अन्य जनपदों में लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने एकत्र किए साक्ष्य
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्य संकलित किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मुठभेड़ से संबंधित सभी पहलुओं की जांच भी कराई जाएगी। इस कार्रवाई को हाल के समय में बदायूं पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस इनामी बदमाश के मारे जाने से डकैती की घटनाओं में शामिल गिरोह की गतिविधियों पर प्रभाव पड़ेगा और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।

Discussion about this post