नया बदायूं, संवाददाता।
सावन में कांवड़ लेकर गुजरने वाले शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा विशेष पहल करते हुए कांवड़ मार्ग पर रात्रिकालीन सफाई अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान की शुरुआत पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने मढ़ई चौक और डीएम चौराहे से विशेष सफाई टीमों को हरी झंडी दिखाकर की।
सावन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िए नगर से होकर गुजर रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पालिका ने कांवड़ मार्ग समेत उससे जुड़े प्रमुख रास्तों, बाजारों, चौराहों और शिव मंदिरों के आसपास रातभर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि सुबह तक मार्ग पूरी तरह साफ और व्यवस्थित रहे।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि श्रावण माह आस्था और श्रद्धा का पर्व है, जिसमें हजारों शिवभक्त नगर से गुजरते हैं। ऐसे में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही संभव है।
विशेष अभियान जारी
विशेष अभियान के तहत तैनात टीमें कांवड़ मार्ग पर कूड़ा उठान, नालियों की सफाई और धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव करेंगी। जहां कहीं भी गंदगी मिलेगी, वहां तत्काल सफाई कराई जाएगी। साथ ही पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग भी की जाएगी, ताकि व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
शहर वासियों से अपील
पालिकाध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने नगरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें, ताकि स्वच्छता अभियान सफल हो सके।
कांवड़ मार्ग पर निगरानी
इस अभियान के लिए पालिका द्वारा आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। कांवड़ मार्ग पर सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह रहे मौजूद
इस दौरान नगर पालिका के सभासद, अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर, सफाई नायक एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सावन में नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।

Discussion about this post