नया बदायूं, संवाददाता दातागंज।
ब्लूमिंगडेल स्कूल दातागंज में सीबीएसई के निर्देशन शिक्षकों के बौद्धिक एवं व्यावसायिक विकास को ध्यान में रखते हुए शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 54 शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ ब्लूमिंगडेल स्कूल, बदायूं की 6 शिक्षिकाओं ने भी सहभागिता की।
“क्षमता की इमारत”
कार्यक्रम के तहत विद्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित इस प्रशिक्षण की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यशाला का विषय “तनाव प्रबंधन” रहा, जिसमें सीबीएसई द्वारा नामित प्रशिक्षक प्रो. डॉ. मौसम एस. सिन्हा एवं विक्रम सिंह ने संयुक्त रूप से शिक्षकों को तनावमुक्त वातावरण में कार्य करने तथा प्रभावी समस्या प्रबंधन के गुर सिखाए।
शिक्षकों की कार्यशैली का सीधा प्रभाव
प्रशिक्षकों ने कहा कि आज का दौर “पूछो और जानो” का है, जिसमें शिक्षकों की कार्यशैली का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों पर पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि कक्षा में पढ़ाने से पहले शिक्षकों को विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करना चाहिए, जिससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सके। साथ ही उन्होंने स्पष्ट, सरल और संशयरहित पठन-पाठन पर विशेष बल दिया।
स्वागत सम्मान किया
कार्यक्रम से पहले वेन्यू डायरेक्टर, प्रधानाचार्य अनुपम प्रकाश वैश्य तथा विभाग प्रमुख कीर्ति शर्मा ने प्रशिक्षकों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका ऋचा सिंह ने किया, जिन्होंने प्रशिक्षकों का विस्तृत परिचय भी प्रस्तुत किया।
कौन है डॉक्टर सिन्हा और विक्रम
बताया कि डॉ. मौसम एस. सिन्हा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शिक्षाविद् हैं और नवोदय विद्यालयों सहित 21 सीबीएसई स्कूलों में विजिटिंग डायरेक्टर सलाहकार के रूप में कार्य कर चुके हैं। वर्ष 2010 से सीबीएसई से जुड़े हुए हैं और विभिन्न शैक्षणिक व मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं विक्रम सिंह एनसीईआरटी के गणित विभाग से जुड़े प्रतिष्ठित शिक्षाविद् हैं, जिन्होंने गणित में उच्च शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में बीएसएसआर सेकेंडरी स्कूल, हाथरस में प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत हैं।
आभार व्यक्त किया
कार्यशाला के दौरान आयोजित विभिन्न क्रियात्मक गतिविधियों में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की अध्यक्षा पम्मी मेहंदीरत्ता, निदेशक ज्योति मेहंदीरत्ता, मुख्य व्यवस्थापक ईशान मेहंदीरत्ता एवं स्वेता मेहंदीरत्ता ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता जताई।

Discussion about this post