बदायूं संवाददाता।
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग के मामले में 4 वाहनों को सीज किया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 104 दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के चालान किए गए।

उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम तथा यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सीज किए गए चार ओवरलोड वाहनों से 1 लाख 35 हजार रुपये जुर्माने के रूप में सरकारी खजाने में जमा कराए गए।

इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में 104 वाहनों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई।

परिवहन विभाग ने आमजन से ओवरलोडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है।

Discussion about this post