बदायूं, संवाददाता।
ब्लूमिंगडेल स्कूल, बदायूं में वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा सात से बारह तक के विद्यार्थियों ने भगवान विष्णु के दशावतार की पौराणिक एवं आध्यात्मिक थीम पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों के शानदार अभिनय, आकर्षक वेशभूषा, नृत्य एवं संगीत ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरेली नगर निगम के महापौर डॉ. उमेश गौतम, विशिष्ट अतिथि सुप्रसिद्ध उद्योगपति राकेश आहूजा एवं प्रतिष्ठित उद्योगपति सुनील अरोड़ा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने मत्स्य, कूर्म, वराह, नरसिंह, वामन, परशुराम, श्रीराम, श्रीकृष्ण, बुद्ध एवं कल्कि अवतारों को नृत्य, नाट्य और संगीत के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। आकर्षक मंच सज्जा, रंग-बिरंगे परिधान और उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
प्रत्येक अवतार के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि जब-जब धरती पर अधर्म, अन्याय और बुराइयों का प्रभाव बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतरित होकर धर्म की स्थापना और मानवता की रक्षा करते हैं। प्रस्तुतियों में सत्य, न्याय, साहस, करुणा और नैतिक मूल्यों का महत्व भी सुंदरता से दर्शाया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिक समन्वय की अतिथियों एवं अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहना की। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. उमेश गौतम सहित सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की मेहनत और विद्यालय प्रबंधन के सहयोग का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ब्लूमिंगडेल स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आधुनिक शिक्षा देने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, सभ्यता, आध्यात्मिक विरासत और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मकता का विकास करते हैं।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता सैफ उद्दीन ने किया। उनके मार्गदर्शन में अग्रिमा पाल, रिदा समर एवं जरीन सिद्दीकी ने भी मंच संचालन में सहयोग किया।

अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। दशावतार थीम पर आधारित यह वार्षिकोत्सव भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं और विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा का अद्भुत संगम बनकर सभी के लिए यादगार रहा।

Discussion about this post