नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं में नगर पालिका की ओर से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने वार्ड संख्या-27 की नई सराय और वार्ड संख्या-19 स्थित मेथोडिस्ट चर्च क्षेत्र में सड़क व नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में चेयरमैन फात्मा रज़ा ने फीता काटकर सीसी सड़क, इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों पर पांच लाख रुपये से अधिक की लागत आई है। विकास कार्य पूरे होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और पालिकाध्यक्ष का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने कहा कि नगर के हर वार्ड तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं और गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को लंबे समय तक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव या जर्जर सड़कों की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है।
नई सराय में रईस दास खां के मकान से अकबर पेंटर के मकान तक लगभग 2.83 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया गया है। इस मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। अब नई सड़क और पक्की नाली बनने से लोगों को राहत मिलेगी।
वहीं मेथोडिस्ट चर्च के पास इन्द्रा चौक पर लगभग 2.17 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क बनाई गई है। पहले यहां गड्ढों और टूटी सड़क के कारण लोगों को दिक्कत होती थी, लेकिन अब आवागमन सुगम हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह कार्य वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे पूरा कर पालिकाध्यक्ष ने बड़ी राहत दी है। लोगों ने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह विकास कार्य होते रहेंगे।
कार्यक्रम में नीरू चंद, लल्लन चौधरी, रोहित चंद, स्वीटी चंद, पतरस मसीह, तूलिका वेलेंटन, हबीब खां उर्फ गुड्डू, अकबर पेंटर, डॉ. नन्नू, जोएब, उवैद, युनुस, हाजी रहीम दास खां, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, नवैद इकबाल गनी, गजेन्द्र शाक्य सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Discussion about this post