नया बदायूं, संवाददाता।
थाना वजीरगंज क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन द्वारा थाना वजीरगंज में तहरीर दी गई, जिसमें मोहल्ला तकिया निवासी परवेज पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 177/2026 धारा 65(1) बीएनएस, पॉक्सो एक्ट व एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हिरदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। चेकिंग अभियान के दौरान आंवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे के पास पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ में सिपाही घायल
मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा की गई फायरिंग में आरक्षी प्रवेन्द्र कुमार के हाथ में गोली लगी, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज पुत्र छुन्ने, निवासी मोहल्ला तकिया, थाना वजीरगंज के रूप में हुई है। उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Discussion about this post