नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में अवैध खनन और मिट्टी के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खान विभाग और प्रशासन की सख्ती के बाद भी अवैध खनन का कारोबार कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस की साठगांठ से यह सब हो रहा है। हजरतपुर में थाना के बगल में खेतों से खनन किया गया है। खान विभाग की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर जेसीबी, लेवलर मशीनों और ट्रैक्टरों को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
जिला खान अधिकारी गुलशन कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान थाना दातागंज क्षेत्र में एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। वहीं थाना हजरतपुर क्षेत्र में एक लेवलर मशीन और एक ट्रैक्टर को सीज किया गया। बताया जा रहा है कि हजरतपुर थाना के बगल में खेत से खनन होते वाहनों को पकड़ा है। बगल में खनन करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इसके अलावा थाना मुसाझाग क्षेत्र में एक लेवलर मशीन और दो ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर संबंधित थाने की सुपुर्दगी में दिया गया। खान विभाग की टीम ने सभी वाहनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Discussion about this post