नया बदायूं, संवाददाता।
महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर और सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पुलिस विभाग ने पहल की है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने प्रस्तावित महिला आवास निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।

इस दौरान एसएसपी ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी आवासीय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि वे और अधिक मनोयोग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रस्तावित आवास के निर्माण से महिला पुलिसकर्मियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवासीय सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर एएसपी/सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post