बदायूं, संवाददाता।
जनपद में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया।
कलेक्ट्रेट में डीएम अवनीश राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रीयगीत और राष्ट्रगान हुआ। डीएम सहित अधिकारियों ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। डीएम ने कहा कि गांधी के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। स्वदेशी को अपनाकर सर्वोदय की कल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने सभी से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
जयंती के अवसर पर गांधी मैदान से प्रभात फेरी निकाली गई। स्टेडियम में महिला और पुरुष ओपन दौड़ प्रतियोगिता तथा मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और गांधी के जीवन दर्शन पर भाषण प्रतियोगिता व गांधी दर्शन की प्रासंगिकता पर कार्यक्रम आयोजित हुए।
जिला कारागार, जिला पुरुष अस्पताल, जिला महिला चिकित्सालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुष्ठ आश्रम कछला और सूर्यकुंड स्थित गुरुकुल में फल वितरण किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, जिला राजस्व अधिकारी अनुराग सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी सुरेंद्र कुमार सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post