बदायूं, संवाददाता।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने शुक्रवार को दातागंज क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। हजरतपुर-गढ़िया रंगीन मार्ग बाढ़ के पानी में डूबने के कारण वे स्टीमर से हर्रामपुर पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने बताया कि हर्रामपुर, शेरपुर, मौजमपुर, गढ़िया पैगंबरपुर समेत दर्जनभर गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित है। हर्रामपुर में करीब 30 मकान गिरने और 300 बीघा धान की फसल बर्बाद होने की जानकारी ग्रामीणों ने दी। किसानों का कहना है कि अभी नुकसान का सर्वे और राहत सामग्री का वितरण नहीं हुआ है।
अजीत यादव ने बाढ़ प्रभावित गांवों में चिकित्सा कैंप, शुद्ध पेयजल और नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने दातागंज को बाढ़ से बचाने के लिए मानपुर से सिमरिया और रुकुमपुर से भाऊनगला तक बांध-तटबंध बनाने की मांग भी उठाई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और किसानों को मुआवजा दिलाने तथा बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संघर्ष करेगी। दौरे में मंजेश यादव, नवनीत यादव, सुरेंद्र सिंह, अरविंद यादव, जतन सिंह, साहब सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post