बदायूं संवाददाता।
जिले में कार्यरत करीब 300 ईसीसी एजुकेटर पांच माह से वेतन न मिलने से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। दीपावली का त्योहार भी बिना वेतन के गुजरने के बाद सोमवार को सभी एजुकेटर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला से मिले और अपनी समस्या बताई।
एजुकेटरों ने बताया कि रेपिड फॉर सॉल्यूशन कंपनी के माध्यम से समग्र शिक्षा के तहत उनकी नियुक्ति की गई है, लेकिन वेतन समय पर नहीं मिल रहा है। पांच माह से भुगतान न होने के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ गामिनी सिंगला ने तत्काल बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार को तलब किया और शीघ्र वेतन भुगतान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने एजुकेटरों को भरोसा दिलाया कि उनका वेतन समय पर दिलाया जाएगा और किसी भी परेशानी पर उनसे दोबारा मिल सकते हैं। सीडीओ के आश्वासन के बाद एजुकेटर संतोष जताते हुए वापस लौट गए।

Discussion about this post