बदायूं, संवाददाता।
शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर स्लूश वॉल की रॉड खराब होने का असर पड़ा है। घंटाघर स्थित ओवरहेड टैंक की स्लूश वॉल की रॉड खराब होने से मोहल्ला सोथा समेत आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई आंशिक रूप से प्रभावित हो गई है। इससे स्थानीय क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को लेकर परेशानी बनी हुई है।
नगर पालिका बदायूं के जलकल विभाग के जलकल अभियंता नितिन सक्सेना ने बताया कि रविवार सुबह घंटाघर स्थित ओवरहेड टैंक की स्लूश वॉल की रॉड खराब हो गई थी। इसके कारण संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। खराबी को दूर करने के लिए मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। सोमवार शाम तक स्लूश वॉल की रॉड ठीक कर पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने का लक्ष्य रखा गया है। मरम्मत पूरी होने के बाद मोहल्ला सोथा समेत प्रभावित इलाकों में पानी की सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है।

Discussion about this post