बदायूं संवाददाता।
ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौके का निरीक्षण कर ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शनिवार को तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनशिकायतें सुनीं। इस दौरान अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
दो बीघा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे की शिकायत
संपूर्ण समाधान दिवस में ब्लॉक कादरचौक के ग्राम ललुआ नगला निवासी अमर सिंह पुत्र सालिगराम ने शिकायत की कि गांव में ग्राम समाज की करीब दो बीघा भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, चंद्रपाल, सीलेन्द्र, हुकुम सिंह, नौनिहाल तथा भूरे घूरा-कूड़ा डालकर भूमि पर कब्जा किए हुए हैं। विरोध करने पर वे दबंगई दिखाते हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तहसील एवं पुलिस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके पर जाकर जांच की जाए और यदि अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो तत्काल कब्जा हटवाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई भी की जाए।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर हो निस्तारण
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि शासन स्तर से भी शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया जाता है। ऐसे में सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्षता के साथ उनका निस्तारण करें। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
44 शिकायतें प्राप्त, चार का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायती पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग की 31, पुलिस विभाग की तीन, विद्युत विभाग की चार तथा ब्लॉक, सीडीपीओ, समाज कल्याण और नगर पालिका की एक-एक शिकायत शामिल रही। इसके अतिरिक्त दो अन्य शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
प्राप्त शिकायतों में से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी श्रीसांई आश्रित शाखमुरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post