नया बदायूं, संवाददाता।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में अम्बियापुर क्षेत्र के ग्राम दबिहारी में विराट दीपयज्ञ एवं पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृशक्तियों एवं युवाओं ने भाग लेकर यज्ञ भगवान को गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र के साथ विशेष आहुतियां समर्पित कीं। साथ ही ग्राम, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में ओम एवं स्वास्तिक के स्वरूप में सजाए गए दीपकों की मनोहारी छटा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। दीपों की पावन ज्योति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्तिभाव से आलोकित कर दिया।
यज्ञवीर की उपाधि से सम्मानित गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि यज्ञ से सद्विचारों का संवर्धन होता है और मनुष्य में देवत्व का उदय होता है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से आह्वान किया कि वे संस्कारवान, राष्ट्रनिष्ठ और सेवा भावी बनें।
प्रज्ञा मंडल के पंकज कुमार ने कहा कि विचार क्रांति के माध्यम से समाज से कुरीतियां और नकारात्मक ऊर्जा दूर की जा सकती है। इससे बच्चों में ज्ञान, सद्भाव और उच्च कोटि के संस्कार विकसित होंगे।
भवेश शर्मा ने कहा कि गायत्री मंत्र और यज्ञ साधना मानव जीवन में आत्मिक शक्ति का संचार करती है। यज्ञीय जीवन पद्धति अपनाकर ही स्वस्थ, संस्कारित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ परिजन सुखपाल शर्मा ने मां गायत्री का पूजन, केवश शर्मा ने शक्ति कलश पूजन तथा रेवाराम शर्मा एवं रमेश चंद्र शर्मा ने गुरु पूजन संपन्न कराया। देवकन्याओं एवं मातृशक्तियों ने सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित कर यज्ञ भगवान को विशेष आहुतियां समर्पित करते हुए राष्ट्र की उन्नति की कामना की। इस अवसर पर तेजराम, मीना शर्मा, सीता शर्मा, पूजा, देवेंद्र पाल, सुनीता, मुरारी, रुचि, अंजलि सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

Discussion about this post