नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद के कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के गांव सालारपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गांव सालारपुर निवासी पूजा सागर (40) पत्नी गोपी रविवार सुबह घर में घरेलू कामकाज कर रही थीं। इसी दौरान वह फर्श पर पोंछा लगा रही थीं। बताया जा रहा है कि घर में रखे कूलर में अचानक करंट उतर आया और महिला उसकी चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे से शोक का माहौल है। इस संबंध में एसआई आयुष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत करंट लगने से हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Discussion about this post