नया बदायूं, संवाददाता।
गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। सीडीओ गामिनी सिंगला ने एडीएम वित्त एवं राजस्व महेन्द्र श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, अधिकारियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।
सीडीओ ने बताया कि गांधी मैदान से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा और शास्त्री चौक स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। स्टेडियम में महिला एवं पुरुष ओपन दौड़ प्रतियोगिता, मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान तथा सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
इसके अलावा महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर भाषण प्रतियोगिता, ‘गांधी दर्शन की प्रासंगिकता’ विषय पर कार्यक्रम और नगर पालिका परिषद में प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। गांधी नेत्र चिकित्सालय में माल्यार्पण एवं सभा भी होगी।
जिला कारागार, जिला पुरुष अस्पताल, जिला महिला चिकित्सालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुष्ठ आश्रम कछला और सूर्यकुंड स्थित गुरुकुल में फल वितरण किया जाएगा। जिला पुरुष चिकित्सालय में रक्तदान शिविर तथा विभिन्न मोहल्लों में सघन टीकाकरण अभियान भी चलाया जाएगा।
सीडीओ ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी कर कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। एडीएम ने जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान कोई व्यक्ति मोबाइल पर ओटीपी आने की बात कहे तो ओटीपी साझा न करें, क्योंकि जनगणना में ओटीपी देने का कोई प्रावधान नहीं है।

Discussion about this post