नया बदायूं, संवाददाता।
जिले की राजनीति में रविवार को उस समय हलचल देखने को मिली, जब भाजपा नेता सुमित शर्मा एडवोकेट ने पार्टी से नाता तोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों में आस्था जताते हुए समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थामा।
कांग्रेस जिला महासचिव मोरपाल प्रजापति के आह्वान पर और पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कोऑर्डिनेटर ओमकार सिंह की मौजूदगी में सुमित शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
इस मौके पर ओमकार सिंह ने कहा कि सुमित शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने से स्थानीय स्तर पर पार्टी का संगठन मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि नए कार्यकर्ताओं और नेताओं के जुड़ने से पार्टी की गतिविधियों को गति मिलेगी।
सुमित शर्मा ने कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी के साथ सक्रिय रूप से कार्य करने की बात कही। उनके साथ समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गौरव राठौर, जिला महासचिव इगलास हुसैन, पूर्व जिला प्रवक्ता अरबाज रजी, पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश, असद उर्फ टिंकू समेत कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Discussion about this post