नया बदायूं, संवाददाता। राज्य ब्यूरो
उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि छात्र-नौजवानों की ताकत के आगे भाजपा की अहंकारी सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को बचाने के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, जिसके बाद भाजपा सांसदों ने राहत की सांस ली।

गुरुवार को बदायूं के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विपक्ष चाहता है कि दिल्ली में छात्रों और नौजवानों पर हुई बर्बरता को लेकर सरकार संसद में बयान दे। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठियां चलाई गईं, पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ और कील लगी लाठियों से हमला किया गया। छात्रों को यह पता है कि लाठियां कहां से चलीं, लेकिन आदेश देने वालों की जवाबदेही तय नहीं की जा रही है।
भाजपा की राजनीति नकारात्मक
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज, गोलीबारी, सिर फोड़ना और बेटियों के साथ दुर्व्यवहार लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति नकारात्मक है और छात्रों-नौजवानों के प्रति उसकी नीयत साफ नहीं है।
भाजपा सरकार में सबसे अधिक पेपर लीक
सपा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद 20 से अधिक पेपर लीक हुए हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 26 हजार से अधिक स्कूल बंद कर दिए गए और लाखों नौकरियां समाप्त कर दी गईं, जिससे गरीबों के बच्चे शिक्षा से दूर हो रहे हैं।
बाबा साहेब के विचारों को नहीं मानती भाजपा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग संत रविदास और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर नहीं चलते और उनके सिद्धांतों का सम्मान नहीं करते। संविधान और बाबा साहब के विचारों की बात करते हैं लेकिन जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार फेल है और नियम विरुद्ध काम करती है।
सपा के वरिष्ठ नेता ओंमकार सिंह को दी श्रद्धांजलि
इस दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बदायूं पहुंचकर पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि ओमकार सिंह यादव ने संघर्ष के बल पर राजनीति में अपनी पहचान बनाई और समाजवादी विचारधारा को मजबूत किया। वे हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे और कठिन परिस्थितियों में भी जनता का विश्वास उन्हें मिला।

Discussion about this post