नया बदायूं, संवाददाता।
कुंवरगांव के हसनपुर गांव में श्मशान भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब ग्रामीणों ने खुद पहल करते हुए समाधान का रास्ता निकालने का निर्णय लिया है। गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से यहां व्यवस्थित अन्त्येष्टि स्थल बनाने का संकल्प लिया है।
दरअसल, गांव की इस भूमि पर कूड़ा व गोबर के ढेर लगाए जाने को लेकर लोगों में असंतोष था। यह स्थान वर्षों से अंत्येष्टि स्थल के रूप में उपयोग होता रहा है, लेकिन गंदगी के चलते यहां अंतिम संस्कार में परेशानी आ रही थी। इसे लेकर गांव निवासी ज्ञानेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद हल्का लेखपाल ब्रजेश यादव ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की और स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। इस बीच गांव के लोगों ने आपसी सहमति से निर्णय लिया कि वे इस भूमि को साफ-सुथरा कर यहां एक व्यवस्थित और सम्मानजनक अन्त्येष्टि स्थल का निर्माण कराएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इससे भविष्य में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और स्थल की गरिमा भी बनी रहेगी। इस मौके पर ज्ञानेंद्र सिंह, राम रतन, अमरजीत मौर्य, गौतम मौर्य, चंद्रपाल मौर्य, जय गोविंद सिंह, शिवम सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Discussion about this post