नया बदायूं, संवाददाता।
डीएम अवनीश राय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई। डीएम ने स्कूली वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एक अक्टूबर से ओवरलोड स्कूली वाहन मिलने पर वाहन स्वामी के साथ संबंधित विद्यालय के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और चालक के लाइसेंस की वैधता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वाहनों में प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास और सीट बेल्ट समेत जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा।
डीएम ने विद्यालयों के आसपास स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग और चेतावनी संकेतक लगाने तथा विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की। बैठक में एडीएम प्रशासन मानवेंद्र सिंह, एआरटीओ हरिओम गौतम, बीएसए, डीआईओएस, यातायात पुलिस सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधक मौजूद रहे।

Discussion about this post