नया बदायूं, संवाददाता।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डॉक्टरों, मेडिकल एवं पैरामेडिकल/नर्सिंग छात्रों तथा कॉलेज स्टाफ ने भाग लिया और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशे की लत से परिवार टूटते हैं, अपराध बढ़ता है और देश की युवा शक्ति कमजोर होती है।
उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और समाज को भी इस बुराई से बचाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जागरूकता नहीं आई, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
उप प्रधानाचार्य ने यह भी जानकारी दी कि राजकीय मेडिकल कॉलेज द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशा छोड़ने में मदद के लिए नियमित रूप से शिविर एवं काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशा न करने और दूसरों को भी इससे दूर रखने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. लालेन्द्र यादव, फार्माकोलॉजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अमित कुमार, कॉलेज ऑफ नर्सिंग के ट्यूटर सुनील कुमार, अजय परिक सहित छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ मौजूद रहे।

Discussion about this post