नया बदायूं, संवाददाता।
जिला मुख्यालय पर वीआईपी कालोनी कहे जाने वाली आवास विकास कालोनी आज भ्रष्टाचार और बदहाली की शिकार चढ़ चुकी है। आवास विकास परिषद कालोनी वासियों से तमाम टैक्स तो ले रही है लेकिन सुविधाओं के नाम पर शून्य है। गंदगी उठाने के भी कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर पैसों की वसूली की जाती है लेकिन गंदगी उठाने नहीं आ रहे हैं। इसीलिए कालोनी बदहाल है और गंदगी के ऊंचे-ऊंचे ढ़ेर लगे हैं। भीषण गर्मी में गंदगी के ढ़ेर बदबू छोड़ रहे हैं और इस गंदगी और बदबू के बीच लोग रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने जब आवास विकास परिषद के अफसरों का फोन नहीं उठा तो जिला प्रशासन में अधिकारियों से फोन पर शिकायतें की हैं।
बुधवार को आवास विकास के लोंगों ने प्रशासन के अफसरों से ऑनलाइन शिकायत की है और फोन पर समस्या की शिकायत की है। जिसमें समस्या के समाधान की मांग की है। आवास विकास का चाहे एक ब्लाक हो या फिर बी ब्लाक हो या फिर सी ब्लाक हो। सभी ब्लाकों में गंदगी ही गंदगी दिख रही है। राजकीय कालेज और एलआईसी मार्ग पर भी सड़क किनारे गंदगी है। इसके अलावा तमाम मार्गों पर सड़क किनारे गंदगी के ढ़ेर लगे हुए हैं। जिससे गंदगी पसरी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी को उठाने के लिए आवास विकास परिषद व नगर पालिका से कोई नहीं आता है। लोगों का कहना है कि वैसे तो आवास विकास परिषद को कूड़ा उठवाना चाहिए। मगर आवास विकास परिषद के अधिकारी अनसुनी व अनदेखी कर रहे हैं। इसीलिए गंदगी के अंबार लगे हैं।
साफ-सफाई के 100 रुपये महीने होती वसूली
आवास विकास कालोनी में किसी एक घर और एक ब्लाक की बात नहीं है लगभग सभी की बात है। यहां के लोग बताते हैं कि साफ-सफाई के नाम पर कर्मचारी 100-100 रुपये महीने पैसा की वसूली करते हैं। जिससे घर-घर का कूड़ा उठायेंगे, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि कूड़ा उठाने के नाम पर सिर्फ एक-दो बार महीने में आते हैं और बाकी गायब रहते हैं। एक तरह से कूड़ा के नाम पर सिर्फ वसूली का खेल चल रहा है।
बदहाल सड़कों और पार्क से कब मिलेगी मुक्ति
आवास विकास कालोनी शहर की वीआईपी कालोनी व नामचीन कालोनी है लेकिन अब तो सिर्फ नाम ही वीआईपी और नामचीन बचा है। बाकी यहां की व्यवस्थाओं को देखेंगे तो हकीकत ठीक उलट है। यहां आवास विकास कालोनी की लगभग सभी गलियों की सड़कें बदहाल और टूटी हैं। इसके अलावा पार्क पूरी तरह से बदहाल हैं। पार्कों का वर्षों से सौंदर्यीकरण व साफ-सफाई नहीं हुई है। गंदगी और झाड़ियों की वजह से लोग पार्कों में टहलने से डरते हैं। क्योंकि गर्मी के मौसम में सांप, बिच्छू आदि का डर बना रहता है।

Discussion about this post