नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के बदायूं मेडिकल कालेज में आये दिन विवाद और तमाम मामले होते रहते हैं। जिनकी गूंज शासन तक जाती है। तमाम मामले शासन तक पहुंचे तो शासन सख्त हो गया। बीते दिनों महिला का गलत ऑपरेशन कर दिया गया। जिसके बाद अब महिला की मौत भी हो गई है। इस मामले को लेकर भी शासन-जिला प्रशासन गंभीर हुआ और शासन स्तर से प्राचार्य को हटा दिया गया है। उनकी जगह राजकीय मेडिकल कालेज झांसी के प्राचार्य भेजे गए हैं।
शासन स्तर से 26 मई को तबादला आदेश जारी किया गया। बुधवार को आदेश की कापी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। जिसके अनुसार बदायूं राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. अरूण कुमार को हटा दिया गया है। उनकी जगह राजकीय मेडिकल कालेज झांसी के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार को तैनात किया है। उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-1 के विशेष सचिव कृतिका शर्मा और सुंयक्त सचिव आनंद कुमार त्रिपाठी की ओर से आदेश जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि तत्काल प्रभाव से जनहित में डॉ. शिव कुमार को बदायूं राजकीय मेडिकल कालेज पर तैनात किया जाता है। तत्काल तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने को निर्देशित किया है। बतादें कि बीते दिन हजरतपुर की महिला शोभा चौहान का इसी मेडिकल कालेज में गलत ऑपरेशन किया गया। जिसकी बुधवार को मौत हो गई। बीते दिन मंगलवार को हंगामा हुआ और मामला शासन तक गया। इससे पहले भी कई मामलों में शासन तक पत्राचार किया। जिसके बाद शासन ने प्राचार्य डॉ. अरूण कुमार को हटा दिया है।

Discussion about this post